लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह और मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है। दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। प्रिया सरोज के पिता और केराकत विधायक तूफानी सरोज ने शादी की तारीख और आयोजन स्थल की पुष्टि की है।
परिवार की सहमति से विवाह की तारीख तय की गई है। दोनों परिवारों में शादी को लेकर तैयारियां भी तेज हो गई हैं। विवाह समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूरे विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा। शादी में राजनीति, क्रिकेट और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई चर्चित लोगों के पहुंचने की संभावना है।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई जून 2025 में हुई थी। सगाई के बाद से ही दोनों की जोड़ी लगातार सुर्खियों में रही है। अब शादी की तारीख सामने आने के बाद प्रशंसकों और समर्थकों के बीच भी उत्साह बढ़ गया है।
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं, जबकि प्रिया सरोज कम उम्र में लोकसभा पहुंचकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। दोनों के विवाह को लेकर उनके समर्थकों और प्रशंसकों की नजरें अब दिसंबर में होने वाले समारोह पर टिकी हैं।


