नई दिल्ली: दिल्ली के स्वरूप नगर (Swaroop Nagar) में रविवार को एक गोदाम में लगी आग ने अचानक आसपास के लोगों में दहशत फैला कर रख दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम (warehouse) को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। 15 दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। फायर फाइटर्स की टीमें लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने के लिए राहत व बचाव अभियान चला रही हैं।
दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में खड्डा कॉलोनी स्थित गली नंबर-2 में रविवार सुबह एक गोदाम में भीषण आग लगने से गोदाम की बिल्डिंग का ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर आग की चपेट में आ गया। इस भयानक अग्निकांड में झुलसने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गली नंबर-2 में स्थित फैक्ट्री के बेसमेंट और पहली मंजिल में आग भड़कने के बाद धुआं आसपास की इमारतों तक पहुंच गया। हालात ऐसे बने कि कुछ लोग घबराकर अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलने लगे।
हादसे की जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम तुरंत हरकत में आई। फायर फाइटर्स की टीमें लगातार पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाने के लिए राहत व बचाव अभियान चला रही हैं। जानकारी के अनुसार आग से बचने के लिए पास की इमारत में रह रहे लोगों ने घबराकर घरों से छलांग लगा दी, जिससे छह लोग घायल हो गए, सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग के अनुसार, आग की सूचना सुबह करीब 11:05 बजे मिली, इसके बाद दमकल की तीन एसडब्ल्यूटी और चार वाटर बाउजर समेत अन्य गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। स्थानीय लोगों ले अनुसार आग इमारत के बेसमेंट और पहली मंजिल में लगी थी, जहां रेक्सिन की कतरन और सूती बुनाई का सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका बहुत ही ज्यादा बनी। इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर टिन शेड बना हुआ था।


