32 C
Lucknow
Sunday, September 13, 2026

मड़ियांव में नकली गुटखा फैक्ट्री का खुलासा, दो गिरफ्तार

Must read

– बंद मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
– ब्रांडेड रैपर में बेचा जा रहा था नकली पान मसाला

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली गुटखा और पान मसाला तैयार करने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। अजीज नगर में एक बंद मकान के भीतर लंबे समय से नकली पान मसाला तैयार कर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर बाजार में खपाए जाने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, सिकरवार चौराहे के पास एक मकान में नकली गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली पान मसाला और गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।
मशीनें और उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से नकली गुटखा तैयार करने वाली मशीनें और विभिन्न उपकरण भी मिले। बरामद सामान से आशंका है कि मकान में व्यवस्थित तरीके से नकली पान मसाला तैयार और पैक किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से पिंटू गुप्ता और पवन साहू को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आपूर्ति नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच में सामने आया कि तैयार किए जा रहे नकली पान मसाले को बाजार में खपाने के लिए अलग-अलग नामी ब्रांड के रैपर का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके से राजश्री, कमला पसंद और विमल समेत कई ब्रांडों के रैपर बरामद किए गए हैं। आरोप है कि इन्हीं रैपर में नकली मसाला भरकर उसे असली ब्रांड के उत्पाद के तौर पर बेचा जा रहा था।
पुलिस को आशंका है कि यह अवैध फैक्ट्री काफी समय से संचालित हो रही थी। मकान को बाहर से सामान्य रखा जाता था, जबकि अंदर नकली पान मसाला तैयार करने और पैकिंग का काम किया जा रहा था।
पुलिस अब बरामद सामग्री की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि नकली माल की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article