नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाली ब्रिक्स समिट (BRICS summit) को लेकर ट्रैफिक पुलिस (traffic police ) ने एडवाइजरी जारी की है। VIP काफिलों की सुचारू आवाजाही और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली में 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। वहीं, 35 से अधिक सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और VIP मूवमेंट को देखते हुए जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकने या वैकल्पिक मार्ग की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
ट्रैफिक एडवाइजरी में नई दिल्ली और आसपास के कई प्रमुख मार्गों को नियंत्रित क्षेत्र में शामिल किया गया है। इनमें मथुरा रोड, भैरों मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, मंडी हाउस, जनपथ, शेरशाह रोड और इंडिया गेट के आसपास के मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा अकबर रोड, पृथ्वीराज रोड, सरदार पटेल मार्ग, मोतीबाग और आरके पुरम समेत कई प्रमुख सड़कों पर भी यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान जरूरत के अनुसार इन मार्गों पर ट्रैफिक को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम इन रास्तों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
ब्रिक्स समिट के दौरान आईजीआई एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं। ट्रैफिक एडवाइजरी में अलग-अलग दिशाओं से एयरपोर्ट पहुंचने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बताए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। साथ ही, रास्ते में लागू यातायात प्रतिबंधों और संभावित डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलें और संभावित ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। खासकर नियंत्रित क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के लिए मेट्रो को सुविधाजनक विकल्प बताया गया है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।


