लखीमपुर-खीरी। ओयल कस्बे में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में छह दोस्तों से भरी कार अनियंत्रित होकर ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। टक्कर के बाद बिजली के तार कार पर गिरते ही आग भड़क उठी। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और उसमें फंसे तीन युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसा खीरी थाना क्षेत्र में रात करीब ढाई बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार अपने पांच दोस्तों के साथ वर्ना कार से सीतापुर जा रहा था। ओयल के पास कार बेकाबू होकर फुटपाथ पार करते हुए नीचे खेत में जा उतरी और वहां रखे ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज हुई। इसके बाद ट्रांसफॉर्मर के तार टूटकर कार पर गिर गए और चिंगारी के साथ आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। ड्राइविंग सीट पर बैठे आयुष की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। कार में फंसे अन्य युवकों को पुलिस और ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बाहर निकाला। तीनों घायल बुरी तरह झुलसे मिले और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान आकाश वर्मा और शिवा सिंह ने भी दम तोड़ दिया। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के केजीएमयू भेजा गया है।
सूचना पर चौकी प्रभारी डिंपल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद राहत-बचाव शुरू कराया गया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया।
एडिशनल एसपी पूर्वी पवन गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर ट्रांसफॉर्मर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार मृतकों में से किसी की थी या किराये पर ली गई थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


