लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने स्पष्ट किया है कि आकाश आनंद को अभी राजनीतिक रूप से और परिपक्व होने की जरूरत है। जब तक वह पूरी तरह परिपक्व नहीं होते, उन्हें पार्टी में कोई बड़ी या अहम जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
मायावती के इस रुख के बीच पार्टी की आज हुई महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में भी आकाश आनंद को शामिल नहीं किया गया। इसे उनके लिए लगातार तीसरा बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद बसपा के भीतर आकाश आनंद की भविष्य की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मायावती संगठन में अनुशासन और अनुभव को प्राथमिकता दे रही हैं। ऐसे में आकाश आनंद को फिलहाल बड़ी जिम्मेदारी से दूर रखने का फैसला पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आने वाले दिनों में बसपा के भीतर युवा नेतृत्व और आकाश आनंद की भूमिका को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।


