यूथ इंडिया, फर्रुखाबाद
विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर राजपूताना होटल में भव्य बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीएचपी के प्रांत संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह पहुंचे, जहां जिले के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बैठक में संगठन के सिद्धांतों, इतिहास और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए गजेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट मीडिया एक बड़ी चुनौती है, जिसे समझते हुए संगठन को भविष्य की रणनीति तैयार करनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जाति और वर्ग के आधार पर विभाजित न होकर हिंदू समाज के रूप में एकजुट रहने तथा सभी को साथ लेकर चलने का आह्वान किया। उन्होंने विदेशी आक्रांताओं से जुड़े ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रभावों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में अनिल सिंह ने वीएचपी के प्रचार-प्रसार, स्थापना और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान जिले के वीएचपी बजरंग दल और मातृशक्ति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रांत पदाधिकारी सुशील चौहान सहित जिला आयाम के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में प्रखंड कमालगंज के बजरंग दल की टोली विशेष आकर्षण रही, जिसने संयोजक सत्यम सिंह और सह-संयोजक गौरव सिंह के नेतृत्व में अनुशासित ढंग से सहभागिता की।
कार्यक्रम में राजपूताना ग्रुप के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौड़, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अनिल सिंह, बजरंग दल से अभिषेक, रुक्मांगल सिंह और देवपाल सिंह राठौड़ समेत कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हिंदू समाज को संगठित और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
गरजे वीएचपी के प्रांत संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, बोले- जातियों में नहीं, हिंदू बनकर रहें एकजुट


