प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ शुरू किया जनसंपर्क, चुनाव को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म
फर्रुखाबाद। तहसील सदर बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को चुनावी कार्यक्रम के पहले दिन 20 प्रत्याशी अधिवक्ताओं ने नामांकन के लिए पर्चे खरीदे। पर्चा बिक्री शुरू होते ही तहसील परिसर में चुनावी चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
पूर्व घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को प्रत्याशी अधिवक्ताओं ने एल्डर्स कमेटी/चुनाव समिति के अधिकारी उमाशंकर कटियार से नामांकन पत्र प्राप्त किए। पहले दिन कुल 20 पर्चों की बिक्री हुई।
बार चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ संपर्क अभियान भी तेज कर दिया है। अधिवक्ता प्रत्याशी साथी अधिवक्ताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं।
पहले दिन पर्चा खरीदने वालों में ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू, रामेन्द्र कटियार, हेमराज सिंह राजपूत, विकास सक्सेना, रविनेश चंद्र यादव, सतेंद्र शाक्य, राजीव चौहान, अतुल शाक्य, अभिनय गुप्ता, राघव शुक्ला, सुधीर सक्सेना आदि प्रत्याशी अधिवक्ता शामिल रहे।
नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होने के साथ ही तहसील सदर बार एसोसिएशन का चुनावी माहौल गर्माने लगा है। आने वाले दिनों में नामांकन और प्रचार के साथ चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


