अमृतपुर। अमृतपुर उपखंड क्षेत्र के चपरा फीडर से जुड़े दो दर्जन से अधिक गांवों में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। बरसात के मौसम में रातभर अंधेरा रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों और खेतों के आसपास सांप व जहरीले कीड़ों के निकलने के डर से लोग रातभर चिंतित रहे। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भी काफी दिक्कत हुई।
ग्रामीणों के अनुसार कोलासोता, कुबेरपुर, राजपुर, रतनपुर, गुड़ेरा, पिथनापुर समेत चपरा फीडर से जुड़े दो दर्जन से अधिक गांवों में रातभर बिजली नहीं आई। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक सप्ताह से रोस्टिंग के नाम पर रात में तीन से चार घंटे तक बिजली काटी जा रही है। अब पूरी रात आपूर्ति बाधित होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
पिथनापुर निवासी श्याम प्रताप ने बताया कि बरसात में बिजली न आने से काफी परेशानी होती है। रात में चारों ओर अंधेरा रहने से सांप और जहरीले कीड़ों का डर बना रहता है। सत्यम ने बताया कि कई दिनों से रात में रोस्टिंग के नाम पर कटौती हो रही है। पूरी रात बिजली बंद रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने और रात के समय अनावश्यक कटौती रोकने की मांग की है। इस संबंध में अमृतपुर के उपखंड अधिकारी उमेश ने बताया कि राजेपुर वाले चपरा फीडर पर बिजली आई थी, जबकि अमृतपुर वाले चपरा फीडर में आपूर्ति नहीं पहुंची। मामले को देखा जा रहा है।


