स्वागत-अभिनंदन के साथ मुख्यमंत्री को सौंपेंगे किसानों का मांग-पत्र, बाढ़ के स्थायी समाधान और आलू के लाभकारी मूल्य की मांग; भाकियू अखंड प्रदेश बोला—विरोध नहीं, सम्मान के साथ रखेंगे किसान की पीड़ा
अमृतपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन सितंबर को ग्राम डबरी प्रस्तावित आगमन पर भारतीय किसान यूनियन अखंड प्रदेश उनका स्वागत-अभिनंदन करेगा और किसानों व जनहित से जुड़े मुद्दों का मांग-पत्र सौंपने का प्रयास करेगा। प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह सोमवंशी ने बताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से होगा।
संगठन की प्रमुख मांगों में गंगा के दोनों किनारों पर मजबूत स्थायी तटबंध, गन्ने का मूल्य ₹800 प्रति क्विंटल, आलू का लाभकारी मूल्य और किसानों की उपज की उचित मूल्य पर सरकारी खरीद शामिल है। किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए किसान आयोग के गठन की केंद्र सरकार से सिफारिश करने की मांग भी रखी जाएगी।
इसके साथ ही गौशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की कमियां दूर करने, किसानों-मजदूरों व आम नागरिकों की समस्याओं का वार्ता के माध्यम से समाधान कराने तथा शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आवाज को बलपूर्वक न दबाने की मांग की जाएगी।
संगठन ने गंभीर प्रशासनिक शिकायतों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और शिकायत करने वाले किसानों व नागरिकों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित न किए जाने की मांग भी रखी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान रखते हुए अपनी समस्याएं शांतिपूर्ण ढंग से उनके सामने रखना चाहता है।


