‘नशा मुक्त युवा’ अभियान तेज, युवाओं से रचनात्मक पहल की अपील
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देश के युवाओं को नशे से दूर रखने और भारत को नशामुक्त बनाने के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे युवाओं के स्वास्थ्य, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा सामूहिक संकल्प बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इसके दुष्परिणाम झेलता है। ऐसे में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों की मदद के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे जनभागीदारी के बड़े आंदोलन में बदलें।
एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने लिया संकल्प
प्रधानमंत्री ने इससे पहले 2 अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की थी। यह नशे के खिलाफ 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है। इसके शुभारंभ के दौरान 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवा जुड़े थे। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को खेल, पदयात्रा, ध्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता अभियान और अन्य गतिविधियों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्लोगन, गीत और नाटक बनाएं युवा
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति के लिए रचनात्मकता को हथियार बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने युवाओं से प्रभावी नारे तैयार करने, युवा संगीतकारों से नशामुक्त जीवन का संदेश देने वाले गीत बनाने और विद्यार्थियों तथा रंगमंच समूहों से नशे के खतरे और उससे बाहर निकलने का रास्ता बताने वाले लघु नाटक तैयार करने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि देश में प्रतिभाशाली सामग्री निर्माताओं की कमी नहीं है। अलग-अलग भारतीय भाषाओं में ऐसा सकारात्मक और प्रेरणादायक सामग्री तैयार की जानी चाहिए, जो युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने इन प्रयासों को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाने और सोशल मीडिया पर #NashaMuktYuva के साथ साझा करने की अपील भी की।
8 करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी
प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस बार 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। तिरंगे का उत्सव केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के जरिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भी तिरंगा फहराया गया। पीएम मोदी ने इसे देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।
स्वच्छता से बदलाव की मिसाल
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर के युवाओं के ‘क्लीन-अप पटवाई’ अभियान का भी जिक्र किया। युवाओं की इस टीम ने चार गंगा घाटों की सफाई के साथ एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाया और तालाबों व सार्वजनिक स्थानों की सफाई में योगदान दिया। वहीं अमरनाथ यात्रा के दौरान भी स्वच्छता अभियान में श्रद्धालुओं की भागीदारी का उल्लेख किया गया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही स्वनिधि
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे बड़ी संख्या में महिला रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने, आय बढ़ाने और परिवार का भविष्य बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश में छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा सामाजिक बदलाव लाने वाले लोगों की कमी नहीं है। उन्होंने देशवासियों से ऐसे लोगों और उनके प्रयासों की जानकारी ‘मन की बात’ के लिए साझा करने की अपील की।


