लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पांडेय ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को भी मालूम है कि अब उसके लोग आने वाले नहीं हैं।
माता प्रसाद पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “योगी जी झूठ बोलते हैं। ऐसे-ऐसे विधानसभा में भी बोलते हैं।” उन्होंने कहा कि संत को झूठ नहीं बोलना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की रणनीति पूरी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव जब होगा, तब पार्टी अपनी रणनीति और तैयारियों के बारे में बताएगी।
माता प्रसाद पांडेय ने युवाओं को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि युवाओं का सम्मानजनक स्थान समाजवादी पार्टी में है और प्रदेश के सभी युवा भाजपा को हटाने के लिए सपा के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर 2027 में साफ हो जाएगी। समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत करने और युवाओं समेत सभी वर्गों को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
माता प्रसाद पांडेय इससे पहले भी 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का दावा कर चुके हैं और सपा की चुनावी तैयारियों को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर रहे हैं।


