नवाबगंज। ग्राम सभा बराकेशव में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेतृत्व में चल रहे धरना-प्रदर्शन का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। चकबंदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसान लगातार धरना दे रहे हैं। सोमवार से शुरू हुआ धरना रातभर भी जारी रहा। मंगलवार सुबह किसान अपने दैनिक कार्य निपटाने के बाद दोबारा धरना स्थल पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में महिलाएं भी धरने में शामिल हुईं।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी लगातार धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बराकेशव की मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी के कारण पूरे जनपद के किसानों का ध्यान इस आंदोलन की ओर गया है। यदि जरूरत पड़ी तो कानपुर मंडल के अन्य जिलों से भी किसान बराकेशव पहुंचेंगे।
अजय कटियार ने कहा कि संगठन का प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को आंदोलन की प्रतिदिन की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी की गई तो ट्रैक्टरों के साथ जिला मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बराकेशव के किसानों का अहित नहीं होने दिया जाएगा और किसान अपना हक व अधिकार लेकर रहेंगे।
उन्होंने बताया कि उनके और लखनऊ जिला अध्यक्ष के प्रयासों से चकबंदी आयुक्त लखनऊ की ओर से पत्र भेजा गया है। इसमें चकबंदी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले किसानों को सुनने और उनकी समस्याओं का निस्तारण करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के बाद ही किसानों के साथ समन्वय बनाकर चकबंदी की प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छविनाथ शाक्य ने की, जबकि संचालन जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार ने किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गंगवार, अशोक यादव, संजीव सोमवंशी, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिला अध्यक्ष अनुज राजपूत, संजीव यादव, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह, सुग्रीव पाल, बिजनेस यादव, बबलू खटीक, दीपू राठौर, शिवराम शाक्य, पप्पू यादव और प्रेम चंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


