आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली, पंखे और वजन मशीन न मिलने पर व्यवस्थाएं सुधारने की जरूरत
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर सोमवार को कंपोजिट विद्यालय याकूतगंज का निरीक्षण कर विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय, रसोईघर, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युतीकरण, रोशनी, पंखे, फर्नीचर तथा पठन-पाठन और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की स्थिति देखी गई।
निरीक्षण में विद्यालय का पठन-पाठन वातावरण संतोषजनक पाया गया। शौचालय, पेयजल और मध्यान्ह भोजन योजना के तहत बच्चों को दिया जा रहा पका भोजन भी ठीक मिला। बच्चों से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ सुनाया गया, जिसे सभी बच्चों ने पूरा सुनाकर अपनी तैयारी का परिचय दिया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में कुछ जरूरी सुविधाओं की कमी सामने आई। केंद्र में अभी विद्युतीकरण नहीं हुआ है, जिसके कारण पंखे और ट्यूबलाइट भी नहीं लगी हैं। इसके अलावा केंद्र में वजन मशीन और ब्लैकबोर्ड भी उपलब्ध नहीं मिला। इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त किए जाने की आवश्यकता सामने आई।
विद्यालय परिसर में बिस्किट, चिप्स, नमकीन के रैपर और अन्य कूड़ा पड़ा मिला। निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ श्रमदान कर परिसर की सफाई कराई गई। बच्चों को साफ-सफाई के महत्व और अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।


