32 C
Lucknow
Monday, August 24, 2026

कचहरी परिसर में गंदगी का अंबार

Must read

 

एसडीएम कार्यालय के सामने शौचालय बना बीमारी का खतरा

फर्रुखाबाद। कचहरी परिसर में एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित पुरुष शौचालय इन दिनों साफ-सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है। नियमित सफाई न होने के कारण शौचालय के अंदर गंदगी का अंबार लगा है और आसपास हर समय दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। शौचालय की बदहाल स्थिति के कारण कचहरी आने वाले अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, वादकारियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि शौचालय की सफाई के लिए कोई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आता। कई दिनों तक सफाई न होने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। शौचालय के आसपास भी गंदगी दिखाई देती है, जिससे कचहरी परिसर के वातावरण पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

अधिवक्ताओं के मुताबिक कई बार महिला शौचालय के ठेकेदार से पुरुष शौचालय की सफाई कराने के लिए कहा गया, लेकिन ठेकेदार ने यह कहते हुए सफाई कराने से इनकार कर दिया कि पुरुष शौचालय उसके ठेके के अंतर्गत नहीं आता। इसके बाद भी संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

अधिवक्ताओं का कहना है कि शौचालय की बदहाल स्थिति के संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और आला अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण अधिवक्ताओं और कचहरी आने वाले लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए शौचालय की विशेष सफाई कराई जाए। साथ ही नियमित सफाई के लिए जिम्मेदार कर्मचारी की व्यवस्था की जाए, ताकि कचहरी परिसर में आने वाले लोगों को गंदगी, दुर्गंध और बीमारी के खतरे से राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article