कन्नौज। एक गाड़ी से बरामद सोने को लेकर कन्नौज में सियासत गरमा गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए दावा किया कि गाड़ी की तलाशी में 1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट मिले, लेकिन पुलिस ने सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ 10 बिस्कुट की बरामदगी दिखाई।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा—“दस दिखाया, सोलह गटकाया, भाजपा की पुलिस की माया।” उन्होंने आशंका जताई कि बरामद असली सोने को सरकारी हिसाब में ‘पीली धातु’ बताकर दर्ज किया जा सकता है और बाद में उसे बदलने की कोशिश हो सकती है।
आरोपों के बाद कन्नौज पुलिस ने पलटवार करते हुए पूरे दावे को झूठा, निराधार और भ्रामक बताया। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कुल 10 सोने के बिस्कुट ही बरामद हुए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि तलाशी और बरामदगी के दौरान जीएसटी टीम को मौके पर बुलाया गया था तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई।
अब मामला महज सोने की बरामदगी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि 26 बनाम 10 बिस्कुट के दावे ने पुलिस कार्रवाई की पारदर्शिता और सियासी आरोप-प्रत्यारोप पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बरामदगी में किसी भी तरह की हेराफेरी के आरोप पूरी तरह असत्य हैं।


