यूथ इंडिया कन्नौज
कैशलेस चिकित्सा कार्ड से रसोइयों और आश्रितों को ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा
कन्नौज। पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिले के 1,459 परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 3,663 रसोइयों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित किए जाने की जानकारी दी गई। प्रतीकात्मक रूप से 11 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया।राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि रसोइयां बच्चों के पोषण और शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि किए जाने के बाद अब उन्हें ₹3,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा रसोइया वस्त्र के लिए मिलने वाली वार्षिक धनराशि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है। रसोइयों को ₹2 लाख की सामाजिक सुरक्षा गारंटी भी दी जा रही है।उन्होंने बताया कि कैशलेस चिकित्सा कार्ड के माध्यम से रसोइया और उनके आश्रितों को सरकारी तथा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने रसोइयों से विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता,स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।राज्य मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में मिड-डे मील के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को विधायक निधि से बेहतर किया जा रहा है। जिन विद्यालयों में अभी भोजन पकाने अथवा वितरण के लिए छत की व्यवस्था नहीं है, वहां जल्द आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर देते हुए कहा कि न रिश्वत लें और न रिश्वत दें। रिश्वत मांगने की शिकायत 1077 पर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव है और शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्रा गोल्डी ने विद्यालय में मिलने वाले स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन की सराहना की। वहीं कंपोजिट विद्यालय सरायमीरा की रसोइया रेनू ने मानदेय बढ़ाकर ₹3,000 किए जाने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने पर सरकार का आभार जताया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइयां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष दुबे ने किया।


