डोमिनोज के पांच लाइसेंस निलंबित
नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। हाल के महीनों में भ्रामक विज्ञापनों, झूठे दावों और खाद्य उत्पादों की लेबलिंग से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में प्रमुख खाद्य कंपनियों, रिटेल चेन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को करीब 150 नोटिस जारी किए गए हैं।
कार्रवाई की जद में नेस्ले इंडिया, पेप्सिको और कोका-कोला इंडिया जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों को भी नोटिस दिए गए हैं। खाद्य सेवा क्षेत्र में केएफसी, मैकडॉनल्ड्स, पिज्जा हट, डोमिनोज और कोस्टा कॉफी जैसे ब्रांड्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
FSSAI के मुताबिक अमेजन और फ्लिपकार्ट को कुल 12 नोटिस जारी किए गए हैं। अमेजन के एक वेयरहाउस का लाइसेंस रद्द किए जाने की भी जानकारी दी गई है। वहीं, डोमिनोज के पांच लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। खाद्य सेवा क्षेत्र के संस्थानों को 30 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं।
नियामक के अनुसार नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने कमियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन और लेबलिंग से जुड़े नियमों के पालन की निगरानी जारी है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
ग्राहकों को भी खाद्य उत्पाद खरीदते समय पैकेट पर लिखे दावों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ‘हेल्दी’, ‘नेचुरल’ और ‘100 प्रतिशत शुद्ध’ जैसे दावों को देखकर केवल विज्ञापन पर भरोसा करने के बजाय उत्पाद की सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी और लेबल को ध्यान से देखना जरूरी है। बीमारी ठीक करने या बड़े स्वास्थ्य लाभ का दावा करने वाले उत्पादों की जानकारी भी जांचनी चाहिए।
किसी खाद्य उत्पाद को लेकर शिकायत होने पर ग्राहक बिल, पैकेट और उसकी तस्वीर जैसी जानकारी सुरक्षित रखें। शिकायत के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं उपभोक्ता अपनी शिकायत उपभोक्ता मंच पर भी दर्ज करा सकते हैं।
लाइसेंस निलंबित होने का अर्थ किसी आउटलेट का स्थायी रूप से बंद होना नहीं है। कमियां दूर होने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित होने के बाद लाइसेंस बहाल किया जा सकता है। FSSAI की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबार में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


