कानपुर-लखनऊ में 55 इकाइयों की जांच, 92 नमूने लिए गए; दो इकाइयों के लाइसेंस निलंबित
लखनऊ। पान मसाला निर्माण इकाइयों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कानपुर और लखनऊ में बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीमों ने अभियान चलाकर 55 निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया और जांच के लिए कुल 92 नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान टीमों ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध और गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री बरामद की। विभाग के अनुसार जब्त किए गए संदिग्ध खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 15.70 करोड़ रुपये है।
अभियान के दौरान विभिन्न इकाइयों से कुल 339.69 क्विंटल संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। विभागीय जांच में गुणवत्ता मानकों पर खरा न उतरने वाली 36.15 क्विंटल सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।
अधिकारियों ने निर्माण इकाइयों में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री, तैयार उत्पाद और उसके रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जांच की।
जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन के मामलों में दो पान मसाला निर्माण इकाइयों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य संबंधित इकाइयों के लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी विभाग की ओर से जारी है।
अभियान के दौरान लिए गए 92 नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानकों और प्रचलित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एफएसडीए की इस कार्रवाई से पान मसाला निर्माण इकाइयों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने संकेत दिया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वाली इकाइयों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


