पुलिस ने जताई अंतर्राष्ट्रीय गोल्ड तस्करी की संभावना
कन्नौज। कन्नौज जिले के थाना तालग्राम पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन से लगभग लगभग 15 करोड़ 39 लाख रुपए कीमत का 10.026 किलोग्राम सोना बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार थाना तालग्राम पुलिस टीम वाहन की चेकिंग एवं कांवड़ ड्यूटी के पश्चात थाना क्षेत्र में वापस आ रही थी। इसी दौरान थानाध्यक्ष सकरावा भागमल सिंह ने तालग्राम पुलिस को सूचना दी कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 171.200 के पास मेरी सरकारी गाडी UP74जी0210 मे एक ब्रेजा कार संख्या UP56 बीसी2576 ने टक्कर मार दी है जिससे मेरी गाडी दुर्घटनाग्रस्त होकर डिवाइडर पर खडी है।
एसपी ने बताया कि सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना तालग्राम पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तो उक्त ब्रेजा कार डिवाइडर पर चढ़ी हुई तथा टक्कर मारने वाली ब्रेजा कार लगभग 100 मीटर आगे खड़ी मिली जिसमें मौके पर दो व्यक्ति मौजूद मिले।
एसपी ने बताया कि पुछताछ पर दोनों ने अपना नाम संदीप जायसवाल पुत्र संतोष जायसवाल, उम्र करीब 29 वर्ष, निवासी ठुठीबारी, थाना ठुठीबारी, जनपद महाराजगंज तथा सरोज पन्त पुत्र कृष्णाराज पन्त, उम्र करीब 33 वर्ष, निवासी नेपाल बताया।
मौके पर दोनों व्यक्तियों एवं वाहन की चेकिंग की गयी तो वाहन से एक बैग मे पीली धातु के 10 बिस्किट बरामद हुए। बरामद पीली धातु के संबंध में दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा उसके वैध कागजात/बिल/लाइसेंस आदि प्रस्तुत करने को कहा गया लेकिन उनके द्वारा कोई वैध कागजात अथवा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बरामद पीली धातु की वास्तविक प्रकृति, शुद्धता एवं मूल्य का निर्धारण कराने हेतु थाना पुलिस द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकृत गोल्ड मूल्यांकनकर्ता को थाना स्थानीय पर बुलाया गया। गोल्ड मूल्यांकनकर्ता द्वारा बरामद पीली धातु का परीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया, जिसमें बरामद गोल्ड का कुल वजन 10.026 किलोग्राम तथा शुद्धता 24 कैरेट मिली।
एसपी ने बताया कि मूल्यांकन के अनुसार बरामद गोल्ड की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹15 करोड़ 39 लाख रुपये पायी गयी। बरामद गोल्ड की अत्यधिक मात्रा एवं मूल्य को दृष्टिगत रखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल जीएसटी टीम को सूचित कर मौके पर बुलाया जिसपर जीएसटी सचल दल हरेकृष्ण राय, राजेश कुमार राजकर अधिकारी, प्रदीप कुमार सचल दल राजकर अधिकारी आए। जीएसटी टीम व थाना पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बरामद गोल्ड के संबंध में गहनता से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान यह तथ्य भी प्रकाश में आया कि पकड़े गये व्यक्तियों में से एक व्यक्ति का निवास स्थान नेपाल है। इस संबंध में जीएसटी टीम ने प्रथम दृष्टया प्रकरण में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड की तस्करी की संभावना जताई और प्रकरण की विस्तृत जांच कस्टम विभाग से कराने की बात कही।
थाना तालग्राम पुलिस ने कस्टम विभाग को तत्काल सूचना दी। सूचना पर कस्टम विभाग की टीम के सहायक आयुक्त प्रवीन भूषण, मदन गोपाल शुक्ला अधीक्षक कस्टम, ब्रजेश त्रिपाठी अधीक्षक कस्टम, अशोक कुमार द्विवेदी अधीक्षक कस्टम, सचिन द्विवेदी निरीक्षक व चालक राजेश तिवारी भी थाना तालग्राम पहुंचे जिन्होंने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की तथा बरामद गोल्ड एवं प्रकरण से संबंधित अन्य तथ्यों के संबंध मे विधिक कार्रवाई की।
एसपी ने बताया कि बरामद सम्पूर्ण 10.026 किलोग्राम गोल्ड को कस्टम विभाग की टीम के सुपुर्द किया गया।


