जिला अस्पताल रेफर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में बदायूं रोड स्थित नासा पुल के पास सड़क पर अचानक आए आवारा पशु से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवक फर्रुखाबाद से बाइक पर सवार होकर राजेपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। वह नासा पुल के पास पहुंचा ही था कि अचानक सड़क पर आवारा पशु आ गया। बाइक सवार युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक पशु से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर हिमांशु राजपूत ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।


