30 C
Lucknow
Saturday, August 22, 2026

बारिश ने बिगाड़ी बिजली व्यवस्था, 350 गांवों में घंटों आपूर्ति ठप

Must read

कमालगंज में शनिवार तड़के करीब 3 बजे हुई तेज बारिश ने विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश शुरू होते ही कमालगंज कस्बे समेत आसपास के करीब 350 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह 9 बजे तक भी कई क्षेत्रों में बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे घरेलू और व्यावसायिक कामकाज प्रभावित रहा। लगातार कई घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सुबह के समय बिजली न होने से सबसे बड़ी समस्या पेयजल को लेकर सामने आई। घरों में पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिससे लोगों को पानी भरने में दिक्कत हुई। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग समेत रोजमर्रा के कई जरूरी काम भी प्रभावित हुए। लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को आशंका होने लगी कि बारिश के कारण बिजली लाइनों में बड़ा फाल्ट हो गया है और इसे ठीक करने में काफी समय लग सकता है।

बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग की टीमें बारिश के बीच ही फाल्ट तलाशने में जुटी रहीं। कर्मचारियों ने विभिन्न फीडरों, विद्युत लाइनों और उपकरणों की जांच शुरू की। अवर अभियंता मदन चंद ने बताया कि तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर फाल्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि आपूर्ति सामान्य करने के लिए कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं और जल्द ही बिजली व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, सुबह से बिजली न मिलने के कारण उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की। शास्त्री नगर द्वितीय निवासी रजत शर्मा ने बताया कि सुबह बिजली नहीं होने से पानी भरने में परेशानी होती है और इसका असर पूरे दिन की दिनचर्या पर पड़ता है। बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति में लंबे समय तक व्यवधान से कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article