फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से 11 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन उसे आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कन्नौज ले जाते समय रास्ते में ही बालक ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव पट्टी बदनपुर निवासी महावीर राजपूत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका 11 वर्षीय पुत्र अनूप शुक्रवार दोपहर गांव के सामने शौच के लिए गया था। शौच करने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के सामने सड़क पार करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
डीसीएम की टक्कर लगते ही अनूप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन अनूप को लेकर कन्नौज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। बालक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां रीता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के मुताबिक अनूप महावीर का बड़ा पुत्र था। उसके छोटे भाई सिद्धार्थ के अलावा दो बहनें भी हैं। परिवार के लिए अनूप की मौत बड़ा सदमा बन गई है।
हादसे की सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है। बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ ही डीसीएम चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
शौच कर लौट रहे 11 वर्षीय बालक की डीसीएम की टक्कर से मौत, परिवार में मचा कोहराम


