लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर बिना नाम लिए तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दलों की राजनीतिक भाषा और बदलते बयानों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार शब्दों की परिभाषा भी बदल देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “‘पी ’ की परिभाषा पहले ‘पिछड़ा’ बताया, फिर ‘पंडित’ कर दिया। किसी दिन ‘P’ की परिभाषा ‘पाकिस्तान’ भी कर देंगे।” मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी को सपा की राजनीति और उसके नेताओं के बयानों पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपनी विचारधारा और नीतियों को लेकर स्पष्ट रहना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि चुनाव और राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से उसके नेताओं के बयान और राजनीतिक शब्दावलियां बदलती रहती हैं।


