लखनऊ: देश में सामाजिक सौहार्द को खतरा पहुंचाने तथा भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने के उद्देश्य पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहे पाकिस्तानी गैंगस्टर (Pakistani gangster) शहजाद भट्टी गैंग के खिलाफ यूपी पुलिस (UP Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने एटीएस और एसटीएफ के साथ मिलकर अब तक 12 मामले दर्ज कर 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चाकू, ज्वलनशील तरल पदार्थ और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए भारतीय नवयुवकों को धन और काम का लालच देकर रेडिकलाइज कर रहा था। इस नेटवर्क के सदस्य एक्स-मुस्लिम, हिंदू धार्मिक नेताओं, राजनेताओं और पुलिस कर्मियों को धमकी देने तथा बीजेपी-आरएसएस कार्यालयों, पुलिस स्टेशनों और अन्य संवेदनशील जगहों पर बम, ग्रेनेड या पेट्रोल बम से हमला करने के लिए युवाओं को उकसा रहे थे। वहीं छोटी-मोटी गतिविधियां जैसे रैकी, आगजनी, धमकी और जिहादी पोस्टर चिपकाने के बाद बड़ी आतंकी घटनाओं की तैयारी कराई जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक नेटवर्क में आबिद जट्ट, हम्माद मेमन उर्फ हम्माद बरकाती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई, अजमल गुर्जर, राशिद भट्टी, राणा हुनैन, मेजर इकबाल, मेजर हमीद और मेजर अनवर जैसे नाम प्रमुख बताए गए हैं. 26 मई को केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वित अभियान में लगभग 175 संदिग्धों की जांच की गई. जांच के आधार पर एटीएस थाना लखनऊ, धौलाना (हापुड़), कौशाम्बी (गाजियाबाद), किरतपुर और नांगल (बिजनौर) समेत विभिन्न थानों में 12 मामले दर्ज किए गए। इनमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ यूएपीए, आर्म्स एक्ट और आईटी एक्ट के प्रावधान लगाए गए हैं, साथ ही करीब 60 संदिग्धों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
जबकि जुलाई 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर शहजाद भट्टी नेटवर्क और उसके सदस्यों को विधिविरुद्ध गतिविधियां (निवारण) अधिनियम की चौथी अनुसूची में शामिल कर आतंकी घोषित करने की अपील की है। इसके अलावा पुलिस की तरफ से स्वतंत्रता दिवस की संवेदनशीलता को देखते हुए बीते 12 अगस्त को प्रदेश स्तर पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें नेटवर्क से जुड़े करीब 62 लोगों से पूछताछ की गई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि सूचनाओं के आधार पर इस नेटवर्क को ध्वस्त करने और उस पर अंकुश लगाने के प्रयास लगातार जारी हैं।


