नवाबगंज। थाना क्षेत्र के वीरपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में गुरुवार को सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्ग कुमार, मोहम्मदाबाद बीडीओ डॉ. फरहाना खान और ग्राम विकास सहायक अधिकारी सुखदेश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों ने बच्चों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। इस पर किसी बच्चे ने डांस के क्षेत्र में जाने की इच्छा जताई तो किसी ने आईएएस अधिकारी बनने का सपना बताया। अधिकारियों ने बच्चों के परिजनों और उनके परिवार से जुड़ी जानकारी भी ली।
इसके बाद बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू के बारे में जानकारी ली गई। बच्चों ने बताया कि उन्हें केला, दूध और दलिया दिया गया। दोपहर के भोजन में काली दाल, रायता, चावल और रोटी शामिल थी। अधिकारियों ने भोजन को स्वयं खाकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।
मोहम्मदाबाद बीडीओ डॉ. फरहाना खान ने बच्चों से योग, दौड़ और खेलकूद से संबंधित जानकारी भी ली। बच्चों की दिनचर्या और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के खेल मैदान को और बड़ा करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


