लखीमपुर खीरी। सर्वोदय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूलों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वोदय विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्रों के साथ बैठकर उन्हें पढ़ाया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और उनकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था के साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। बच्चों से पढ़ाई के स्तर, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी फीडबैक लिया गया।
वहीं, मुख्य विकास अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखा और छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। सीडीओ ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, भोजन, पानी तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
प्रशासनिक अधिकारियों के इस तरह सीधे विद्यालय पहुंचकर बच्चों से संवाद करने का उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानना और कमियों को दूर कराना है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल और बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


