लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सरकारी स्कूलों की स्थिति और बच्चों की शिक्षा को लेकर केंद्र व राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि स्कूलों की बदहाल स्थिति के कारण अब छोटे-छोटे बच्चे भी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
मायावती ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जेन जी और जेन अल्फ़ा पीढ़ी के बच्चे शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने सरकारों से बच्चों की समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने की अपील की।
बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा, पर्याप्त शिक्षक और मूलभूत सुविधाएं मिलना जरूरी है। स्कूलों की स्थिति में सुधार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से सरकारी विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करने तथा बच्चों की शिक्षा और स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की। मायावती के बयान के बाद सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और बच्चों के प्रदर्शन का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।


