अयोध्या। जिले के सरकारी स्कूलों में अब बिना अनुमति बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने इस संबंध में आदेश जारी कर यू-ट्यूबर, सोशल मीडिया से जुड़े लोगों समेत अन्य बाहरी व्यक्तियों के स्कूल परिसर में अनधिकृत प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है।
आदेश के मुताबिक, किसी भी बाहरी व्यक्ति को विद्यालय परिसर में प्रवेश करने से पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी अथवा सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। स्कूल परिसर में बिना अनुमति फोटो खींचने या वीडियो बनाने पर भी रोक रहेगी।
बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने और विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।


