शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद विद्युत केंद्र के नैगमा फीडर से जुड़े ग्राम फरीदपुर मंगलीपुर में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति पिछले आठ दिनों से ठप पड़ी है। लगातार बिजली न मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो वह धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों के अनुसार करीब आठ दिन पूर्व गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक जल गया था। इसकी सूचना तत्काल शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र को दी गई। विभागीय कर्मचारी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर की जांच की और उसके खराब होने की पुष्टि भी की थी। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगाए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आठ दिन बीतने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
बिजली के अभाव में ग्रामीणों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में लगे पंखे और कूलर बंद पड़े हैं। रात के समय अंधेरे के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए भी ग्रामीणों को दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर बदल दिया जाता तो ग्रामीणों को आठ दिनों तक बिजली संकट नहीं झेलना पड़ता।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए गांव में तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विद्युत विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान ईश्वर दयाल, लॉन्ग श्री, गंगा देवी, राधा देवी, ओमवती, मीरा देवी, मनी देवी, अशोक कुमार सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।
फरीदपुर मंगलीपुर में आठ दिन से बिजली गुल, जला ट्रांसफार्मर बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत


