कमालगंज/खुदागंज
कमालगंज थाना क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित खुदागंज में रविवार रात करीब 12 बजे श्रृंगीरामपुर से गंगा जल भरकर जा रहे कांवड़ियों की बाइक में खुदागंज कस्बा के मोड़ के पास एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक गिर गई और बाइक सवार कांवड़िया घायल हो गया।
कांवड़िया के घायल होते ही साथ चल रहे अन्य कांवड़िये आक्रोशित हो गए। गुस्साए कांवड़ियों ने कार को घेर लिया और जमकर तोड़फोड़ कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर खुदागंज चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया और दोनों ओर फंसे वाहनों को निकलवाकर जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।


