लगभग 1.41 करोड़ बच्चों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन में लिया हिस्सा
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश के 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। करीब 1.41 करोड़ बच्चों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन में हिस्सा लिया। विद्यालय परिसरों में गूंजता ‘भारत माता की जय’ का जयघोष नई पीढ़ी के राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का प्रतीक बना।
सुबह से ही विद्यालय तिरंगे, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजे नजर आए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता, नृत्य, नाटक, तिरंगा रैली, वाद-विवाद और खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायकों के त्याग और बलिदान को याद किया।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी एवं शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह का संदेश पढ़कर सुनाया गया। संदेश में शिक्षा को राष्ट्रनिर्माण का माध्यम बताते हुए बच्चों को सक्षम, जिम्मेदार और उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करने का संकल्प दोहराया गया।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद में निदेशक गणेश कुमार तथा राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान में निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं ने गीत, कविता और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के शौर्य को याद किया। छात्राओं ने संदेश दिया कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां ही मजबूत भारत की आधारशिला हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इससे विद्यालय केवल शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और जनभागीदारी के केंद्र के रूप में नजर आए।


