16वीं मंजिल से गिरने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम, पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप
नोएडा। सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में 24 वर्षीय नवविवाहिता कामिनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5:30 बजे कामिनी 16वीं मंजिल से नीचे गिर गईं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कामिनी की शादी 11 जुलाई 2026 को मंथन धीमान से हुई थी। घटना शादी के महज 29 दिन बाद हुई। मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पति को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, पति ने पूछताछ में कामिनी के अवसाद में होने और उपचार चलने की बात कही है। हालांकि, मायके पक्ष के आरोपों की भी जांच की जा रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की है।


