क्रासर
लाइन से अलग हटकर पर्चा बनवाने पर टोका तो बनाने लगीं वीडियो, सीएमएस ने समझा-बुझाकर कराया मामला शांत
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के ओपीडी हाल में बने पर्चा काउंटर पर मंगलवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब लाइन को लेकर दो युवतियों और अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पर्चा काउंटर के आसपास मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों की लाइन लगी हुई थी। इसी दौरान दो युवतियां लाइन से अलग हटकर पर्चा बनवाने का प्रयास करने लगीं। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने युवतियों को लाइन में लगने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों युवतियां सुरक्षा कर्मियों से बहस करने लगीं।
मामला उस समय और बढ़ गया जब युवतियां सुरक्षा कर्मियों का वीडियो बनाने लगीं। सुरक्षा कर्मियों द्वारा वीडियो बनाने का विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी होने लगी। विवाद की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद अस्पताल कर्मियों और मरीजों में भी हलचल मच गई।
मामले की सूचना तत्काल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा को दी गई। सूचना पर सीएमएस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनी और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। सीएमएस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया और अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था दोबारा सामान्य हो गई।
पर्चा काउंटर पर लाइन को लेकर युवतियों और सुरक्षा कर्मियों में विवाद


