32.1 C
Lucknow
Tuesday, August 11, 2026

भीषण उमस के बीच बिजली कटौती ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, कई इलाकों में 4 से 12 घंटे तक गुल रही बत्ती

Must read

 

लखनऊ
शहर और ग्रामीण इलाकों के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। नगराम, चौपटिया, पारा, चिनहट, बीकेटी, बहरौली, मीरखनगर, एफसीआई और कबीरनगर समेत कई क्षेत्रों में चार से 12 घंटे तक बिजली गुल रही। उमस भरी गर्मी में लंबे समय तक बिजली न रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती के कारण घरों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई और लोगों को पेयजल के लिए दिक्कतें उठानी पड़ीं। कृष्णानगर के बरिगंवा में रविवार रात तार आपस में टकराने से एबीसी लाइन जल गई, जिससे 50 से अधिक घरों में करीब 12 घंटे बिजली संकट रहा। कनिष्ठ अभियंता आरके शुक्ला के अनुसार, नई लाइन डालने के बाद आपूर्ति बहाल की गई।

चौक के चौपटिया क्षेत्र में सराय माली खां रोड के आसपास सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे करीब पांच हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। अवर अभियंता केके चौधरी ने बताया कि एलटी फ्यूज इकाई लगाने के लिए आपूर्ति बंद करनी पड़ी थी। वहीं चिनहट के न्यू बुद्ध विहार, गुलिस्ता, आनंद विहार, गंगा विहार और बिहारीपुरम समेत कई कॉलोनियों में पूरे दिन बिजली की आवाजाही बनी रही। दुबग्गा के एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी सुबह करीब आठ बजे से शाम सात बजे तक बिजली संकट बना रहा। जाहिद नगर, नरौना, सलेमपुर पतौरा, पिंक सिटी, नाजिम नगर और बुद्धेश्वर बिहार समेत कई कॉलोनियों में लोग परेशान रहे।

दुबग्गा क्षेत्र में एलटी लाइन का एक फेस खराब होने और 250 केवीए के ट्रांसफार्मर पर अधिक भार पड़ने से बार-बार बिजली कटौती हुई। स्थानीय लोगों का कहना था कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन समय पर समाधान नहीं होने से परेशानी बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली संकट का असर देखने को मिला। बीकेटी के साढ़ामऊ उपकेंद्र के सोनवा फीडर में खराबी के कारण गाजीपुर, सोनवा, भैसामऊ और आसपास के गांवों में दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। करीब चार घंटे तक बिजली न होने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी हुई।

नगराम के बहरौली फीडर की 33 हजार वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिरने से करीब 40 गांवों की बिजली आपूर्ति दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक प्रभावित रही। इससे लगभग 50 हजार उपभोक्ताओं पर असर पड़ा। समेसी उपकेंद्र के अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि करीब 20 किलोमीटर क्षेत्र में तलाश के बाद खराबी का पता लगाकर उसे ठीक किया गया। वहीं दुबग्गा के कबीरनगर उपकेंद्र में दोपहर करीब दो बजे 33 हजार वोल्ट की लाइन में खराबी आने से सात फीडर बंद हो गए। करीब दो घंटे बाद शाम चार बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। इस दौरान लगभग 10 हजार लोग बिजली संकट से प्रभावित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article