30.3 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

बाढ़ प्रभावित किसानों को प्राथमिकता से दिलाएं फसल बीमा योजना का लाभ : डीएम

Must read

बैंक स्तर पर निरस्त आवेदनों का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश, खराब सीडी रेशियो पर पांच बैंकों के प्रबंधकों को फटकार

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में बैंक एवं बैंक प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और शासन की प्राथमिकता वाली बैंक प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

डीएम ने बैंकवार एवं योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ऋण संबंधी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा बैंक अधिकारियों को अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।

बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना समेत विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिक से अधिक पात्र युवाओं, उद्यमियों, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि जिले में स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

डीएम ने बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए और निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऋण स्वीकृति एवं वितरण में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।

खराब सीडी रेशियो पर जताई नाराजगी

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कैनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और इंडियन बैंक के क्रेडिट-डिपॉजिट रेशियो (CD Ratio) की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। संबंधित बैंक प्रबंधकों को सीडी रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सरकारी योजनाओं के तहत विभिन्न बैंकों में निरस्त किए गए आवेदनों का पुनः सत्यापन कराने और उसकी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनः सत्यापन में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित बैंक की दोषपूर्ण कार्यशैली से शासन को अवगत कराया जाए।

बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने पर जोर

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसान क्रेडिट कार्ड धारक कृषकों को फसल क्षति की स्थिति में फसल बीमा योजना का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सुमित अग्निहोत्री, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुषमा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article