‘Science’ की स्पेलिंग पूछकर परखी शैक्षणिक तैयारी, रात 10 बजे तक पढ़ाई करने की छात्राओं ने दी जानकारी
नवाबगंज। वीरपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्व प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, कक्षाओं के संचालन और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि विद्यालय में कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होती हैं या नहीं। छात्राओं ने बताया कि कक्षाएं प्रतिदिन संचालित होती हैं और वे नियमित रूप से पढ़ाई करती हैं।
बीएसए ने छात्राओं से सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछने के साथ ‘Science’ की स्पेलिंग भी पूछी, जिसका छात्राओं ने सही उत्तर दिया। उन्होंने यह भी पूछा कि छात्राएं रोजाना कितने समय तक अध्ययन करती हैं। छात्राओं ने बताया कि वे रात करीब 10 बजे तक पढ़ाई करती हैं।
इसके बाद बीएसए ने विद्यालय में छात्राओं को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और समय पर भोजन उपलब्ध होने की जानकारी ली। उन्होंने भोजन की व्यवस्था को लेकर छात्राओं से सीधे फीडबैक लिया।
बीएसए ने विद्यालय की वार्डन शिवानी कटियार से भी विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।
बताया गया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में 100 छात्राओं के प्रवेश की क्षमता है, जबकि निरीक्षण के समय करीब 80 छात्राएं उपस्थित थीं।
बीएसए ने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनकी आवश्यकताओं का समय से समाधान करने के निर्देश दिए।


