33.5 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी आस्था

Must read

पांडेश्वरनाथ मंदिर में लंबी कतारें

फर्रुखाबाद। सावन के दूसरे सोमवार को जिलेभर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कांवड़ियों और भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में लगातार हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे।

रेलवे रोड स्थित श्री पांडेश्वरनाथ मंदिर में तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह नौ बजे तक मंदिर परिसर से लेकर बाहर तक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हाथों में पूजा की थाली, गंगाजल और बेलपत्र लिए भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहने के बाद थककर सड़क किनारे बैठ गए।

कांवड़ियों के कई जत्थे भी मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। घुमना कोतवाली के पीछे स्थित श्री कोतवालेश्वरनाथ मंदिर और मोहल्ला अढ़तियान के शिव मंदिर में भी सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

पांडेश्वरनाथ मंदिर परिसर में गर्भगृह के बाहर संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ भाग लिया। सुबह करीब 10 बजे भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान करीब 30 मिनट तक दर्शन रोके गए। श्रृंगार और आरती के बाद श्रद्धालुओं को दोबारा दर्शन की अनुमति दी गई।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को सूर्य होटल के पास रोककर वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया। वहीं रेलवे रोड से चौक की ओर आने वाले वाहनों को मंदिर से करीब 500 मीटर पहले रोककर दूसरे रास्तों से निकाला गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article