33.5 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

मंदिर से लापता विवाहिता की संदिग्ध मौत

Must read

 

युवक हिरासत में; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शनिवार शाम वह अपनी मां के साथ भोलेपुर स्थित मंदिर में दर्शन और दीपक जलाने गई थी। इसी दौरान मां जब प्रसाद लेने लगीं तो विवाहिता अचानक वहां से चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। रविवार शाम जहानगंज क्षेत्र का एक युवक उसे बेहोशी की हालत में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

विवाहिता की मौत की जानकारी मिलते ही उसके मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। वहां युवक को देखकर परिजनों ने उस पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया कि कन्नौज जनपद निवासी विवाहिता की शादी इसी वर्ष अप्रैल में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के अलावलपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन होने लगी, जिसके बाद विवाहिता अपने मायके चली गई थी। कुछ दिन पहले वह फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर आई थी। शुक्रवार को उसकी मां भी बेटी के पास नेकपुर चौरासी पहुंची थीं।

शनिवार शाम मां-बेटी भोलेपुर मंदिर दर्शन करने पहुंचीं। मां प्रसाद लेने लगीं, इसी दौरान विवाहिता वहां से चली गई। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रविवार शाम जहानगंज थाना क्षेत्र का युवक उसे बेहोशी की हालत में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचाने वाले युवक ने विवाहिता की पहचान और अपने संबंध को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी। पुलिस के अनुसार अस्पताल में दर्ज विवरण में भी कथित तौर पर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

तहरीर मिलने के बाद देर रात सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, नायब तहसीलदार, फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी और महिला थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article