सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी (Seoni) जिले में एक सरकारी स्कूल (Government school) बीजेपी दफ्तर (BJP office) बन गया! दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हो रही है। जिसमें स्कूल के ब्लैक बोर्ड में ‘क ख ग’ की जगह भारतीय जनता पार्टी की रणनीति लिखी दिखाई दे रही है। फोटो वायरल होने के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे है।
यह पूरा मामला जिले के छपारा विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बीजादेवरी का बताया जा रहा है। जहां बीजेपी की मासिक बैठक करने का मामला सामने आया है। मीटिंग की तस्वीरें बीजेपी मंडल अध्यक्ष की ओर से खुद सोशल मीडिया पर साझा की है, जो तेजी से वायरल हो रही है। खास बात यह है कि ‘क ख ग’ की जगह ब्लैक बोर्ड में भाजपा की मासिक बैठक की रणनीति लिखी हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी शैक्षणिक संस्थान में किसी राजनीतिक दल की बैठक आखिर किसकी अनुमति से हुई? क्या स्कूल प्रबंधन ने इसकी अनुमति दी थी? यदि हां, तो किस आधार पर? और यदि अनुमति नहीं थी, तो सरकारी परिसर का उपयोग कैसे किया गया?
इस बारे में जब स्कूल के प्राचार्य रूपराम सनोड़िया से फोन पर बात की तो वे यह कहते नजर आए कि उस दिन वह स्कूल में मौजूद नहीं थे और इसकी परमिशन उन्होंने नहीं दी। यह कहकर वह अपना पल्ला झाड़ते नजर आए। अब देखने वाली बात होगी कि स्कूल शिक्षा विभाग इस पर क्या संज्ञान लेता है।


