देश में रहकर वंदे मातरम और राष्ट्रगान का अपमान नहीं चलेगा
लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी लखनऊ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी हाथों में तिरंगा लेकर करीब दो किलोमीटर पैदल चले। मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई यात्रा विधानभवन पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें स्कूली बच्चों, युवाओं, भाजपा नेताओं और मंत्रियों समेत करीब 30 हजार लोग शामिल हुए।
यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। स्कूली बच्चे 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। “अब यह नहीं चलेगा कि रहेंगे भारत में, लेकिन भारत की विरासत, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करेंगे।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को सम्मान दिया जा रहा है।
योगी ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी हुकूमत की जड़ों को हिलाने का काम किया था। युवाओं को देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भारत विरोधी अफवाहें फैलाने की कोशिशों से भी युवाओं को सावधान रहने की अपील की।
इस दौरान काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। अशफाक उल्ला खां के परपोते आफाक उल्ला खां समेत अन्य शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मान मिला। काकोरी शहीद स्मारक पर भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने ट्रेन एक्शन का मंचन भी किया। यात्रा के बाद भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने सड़क पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।


