लखनऊ। राजधानी की गौतमपल्ली पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 5 अगस्त की रात चारबाग रेलवे स्टेशन के पास स्थित लोको चौकी क्षेत्र से दबोच लिया। वहीं, पीड़िता भी चारबाग रेलवे स्टेशन के निकट सकुशल बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 21 जुलाई को गौतमपल्ली थाने में अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी और किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी।
बरामदगी के बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गौतमपल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


