लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनके लखनऊ स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों, शुभचिंतकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का लगातार पहुंचना जारी है। उनका पार्थिव शरीर फिलहाल लखनऊ स्थित आवास पर रखा गया है, जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
उमाशंकर सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव खनवर, जनपद बलिया में किया जाएगा। आज उनके पार्थिव शरीर को लखनऊ से बलिया ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय एवं राजनीतिक सम्मान के बीच अंतिम संस्कार होगा।
गौरतलब है कि उमाशंकर सिंह का बुधवार को नई दिल्ली में निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और उपचाराधीन थे। उनके निधन से बसपा समेत प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीं, बसपा प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा प्रमुख मायावती भी कुछ ही देर में लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।
उमाशंकर सिंह को बसपा के समर्पित और अनुशासित नेताओं में गिना जाता था। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति ने एक अनुभवी और कर्मठ जननेता को खो दिया है।


