लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने वरिष्ठ नेता स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उमाशंकर सिंह के पार्टी के प्रति समर्पण और निष्ठा को याद करते हुए भावुक बातें कहीं।
मायावती ने कहा कि “उमाशंकर सिंह मुझे सगी बहन की तरह मानते थे। उन्होंने जीवनभर पार्टी के साथ पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम किया और कभी भी पार्टी को धोखा नहीं दिया।”
उन्होंने कहा कि समय के साथ कई लोग पार्टी छोड़कर चले गए, लेकिन उमाशंकर सिंह अंत तक बसपा के प्रति समर्पित रहे। मायावती ने उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि पार्टी हमेशा उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
बसपा प्रमुख ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि परिवार की इच्छा होगी तो उमाशंकर सिंह के बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “मैं उमाशंकर सिंह के स्थान पर उनके बेटे को सम्मान दूंगी और पार्टी उनके पूरे परिवार का हर संभव ध्यान रखेगी।”
मायावती के इस बयान को बसपा संगठन में दिवंगत नेताओं के परिवारों के प्रति सम्मान और राजनीतिक संरक्षण के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


