लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान राज्य के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अनुपूरक बजट को प्रदेश के विकास और जनहित के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता पहले से संचालित विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।
विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार द्वारा प्रस्तुत अनुपूरक बजट पूरी तरह जनहित और विकास कार्यों पर केंद्रित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं पर पहले से कार्य चल रहा है, उन्हें आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराकर तेजी से पूरा किया जाएगा।
सुरेश खन्ना ने कहा कि यह बजट केवल अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान नहीं है, बल्कि प्रदेश के विकास को नई गति देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल, शहरी विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों में किसी प्रकार की वित्तीय बाधा न आने देना है। इसी सोच के तहत अनुपूरक बजट लाया गया है, ताकि विभिन्न विभागों की आवश्यकताओं को पूरा करते हुए अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जा सके और जनता को उनका लाभ मिल सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि अनुपूरक बजट के माध्यम से प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी तथा इसका सीधा लाभ आम जनता को प्राप्त होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समावेशी विकास के अपने संकल्प पर लगातार कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार द्वारा प्रस्तुत अनुपूरक बजट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक बहस जारी है। जहां सरकार इसे विकासोन्मुख और जनहितकारी बता रही है, वहीं विपक्ष बजट के प्रावधानों और उसके क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठा रहा है।


