– बोले- भारत वैश्विक शक्ति बन चुका है
यरुशलम। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना करते हुए उन्हें अपना “अच्छा दोस्त” बताया। उन्होंने कहा कि भारत आज एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति है और दोनों देशों के बीच संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं।
नेतन्याहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध बेहद आत्मीय हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेता समय-समय पर विभिन्न वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत करते रहते हैं। उनके अनुसार भारत और इज़राइल के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास, साझा हितों और दीर्घकालिक साझेदारी पर आधारित हैं।
उन्होंने भारत की बढ़ती आर्थिक और रणनीतिक ताकत की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रक्षा, कृषि, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ), नवाचार, जल प्रबंधन और उच्च प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।
नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी पुरानी मुलाकातों का भी उल्लेख किया और कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत और इज़राइल भविष्य में व्यापार, निवेश, रक्षा और तकनीकी सहयोग को और व्यापक बनाएंगे।
उन्होंने भारत के लोगों की भी सराहना करते हुए कहा कि इज़राइल को भारत से व्यापक समर्थन और सद्भावना मिलती है। नेतन्याहू के अनुसार दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच संबंध आपसी सम्मान, विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित हैं, जो आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत होंगे।


