फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना पुलिस ने जमीन के विवाद में हुई हरनाथ सिंह यादव उर्फ पप्पू की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे कई वर्षों से चल रहा जमीन का विवाद मुख्य वजह था।
मृतक के पुत्र अनुरुद्ध यादव की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में बताया गया कि करीब चार-पांच वर्ष पहले हरनाथ सिंह यादव ने गांव के कैलाश चंद्र शर्मा से छह बिस्वा जमीन खरीदी थी। समय के साथ जमीन की कीमत बढ़ने पर आरोपी लगातार जमीन वापस करने या वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार अतिरिक्त धन देने का दबाव बना रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, 27 जुलाई की रात करीब 10 बजे हरनाथ सिंह यादव गांव धीरजपुर में कैलाश की मड़ैया के पास पहुंचे, जहां पहले से मौजूद कैलाश चंद्र शर्मा और धीरपुर निवासी नीलेंद्र पुत्र धीरेंद्र उर्फ नारद ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे हरनाथ सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को दूसरे खेत में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कमालगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।


