कंपिल/फर्रुखाबाद। नगर पंचायत कार्यालय के पास रखा विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले 24 घंटे से खराब होने के कारण करीब 250 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार बिजली न मिलने से भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। परेशान उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने के साथ स्थायी समाधान की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद से मोहल्ला बारह पत्थर, मांझगांव पश्चिम तथा पट्टी मदारी के आंशिक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली न होने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। रातभर लोगों को गर्मी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी उपेंद्र वर्मा ने बताया कि संबंधित ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक विद्युत कनेक्शन जुड़े होने के कारण उस पर लगातार ओवरलोड रहता है। इसी वजह से आए दिन फॉल्ट की समस्या बनी रहती है और उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली संकट झेलना पड़ता है।
नगरवासियों का कहना है कि विभाग अस्थायी मरम्मत कर समस्या टाल देता है, लेकिन ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने या स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।
उपकेंद्र कंपिल के अवर अभियंता रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में मोबाइल ट्रांसफार्मर लगवाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
24 घंटे से फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर, 250 घरों की बिजली गुल; भीषण गर्मी में लोग बेहाल


