कायमगंज/फर्रुखाबाद। नगर में मोबाइल की दुकानों के बीच ग्राहकों को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया। सड़क पर दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, लात-घूंसे चले, जिसमें उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष सुबोध गुप्ता उर्फ मंसाराम समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज भेजकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला सधवाड़ा निवासी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष सुबोध गुप्ता उर्फ मंसाराम की मोबाइल की दुकान है। उनकी दुकान के सामने ही मोहल्ला बगिया मांगूलाल निवासी अनिल मिश्रा की भी मोबाइल की दुकान है। बताया जा रहा है कि दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहकों को लेकर लंबे समय से कहासुनी और छींटाकशी होती रही है।
सुबोध गुप्ता का आरोप है कि सोमवार को जब उन्होंने ग्राहकों को लेकर हो रही छींटाकशी का विरोध किया तो अनिल मिश्रा पक्ष के लोग उनकी दुकान में घुस आए और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस मारपीट में वह और उनके भतीजे घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के सावन मिश्रा का कहना है कि सुबोध गुप्ता और उनके भतीजे इशारे से ग्राहकों को अपनी ओर बुलाते थे। विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह भी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी कायमगंज भेजा।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मोबाइल दुकान के सामने दूसरी दुकान खुलने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, व्यापार संगठन जिला अध्यक्ष समेत चार घायल


