कन्नौज। सदर कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹4 लाख कीमत की अवैध शराब बरामद की है, जिसे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्करों की पहचान बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले मनी और राहुल के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों तस्कर हरियाणा से सस्ती दरों पर शराब लाकर बिहार में करीब तीन गुना कीमत पर बेचते थे और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
सदर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पाल चौराहे के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शराब की खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।


